
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सड़क, रोपवे, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा, हवाई अड्डा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी विकास योजनाओं के लिए कुल 183.97 करोड़ रुपये की धनराशि के अनुमोदन को स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत संरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मसूरी और नैनीताल में रोपवे परियोजनाओं को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने मसूरी एवं रानीबाग (काठगोदाम) से नैनीताल मार्ग पर रोपवे निर्माण के लिए फिजिबिलिटी अध्ययन कराए जाने हेतु 3.30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके साथ ही यमनोत्री बड़कोट–पौंटी मोटर मार्ग के किमी दो से बड़कोट हेलीपैड तक मार्ग के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा हेलीपैड की बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए 1.89 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अहम मंजूरी
हरिद्वार जनपद के विधानसभा क्षेत्र मंगलौर-रुड़की आवासीय परियोजना में परियोजना स्थल तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 2.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के निर्माण कार्यों के लिए पुनरीक्षित आगणन के अंतर्गत 35 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी प्रदान की गई है।
नगर विकास और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाएं
नगर पंचायत गूलरभोज क्षेत्र के कोपा स्थित श्मशान घाट के निर्माण एवं नवीनीकरण के लिए 80 लाख रुपये, नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में एबीसी सेंटर के निर्माण हेतु 2.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्लस्टर विद्यालय योजना के तहत जनपद देहरादून एवं टिहरी में चिन्हित तीन राजकीय इंटर कॉलेज—जखण्ड, ओखलाखाल और सोरना डोभरी—के निर्माण कार्यों के लिए 5.46 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने का भी अनुमोदन दिया गया है।
शारदा घाट पुनर्विकास और पुलिस सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास बोर्ड के अंतर्गत शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के निर्माण कार्य के लिए 107.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। साथ ही राज्य के सभी जनपदों में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय परिसरों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग संसाधनों के माध्यम से साक्षियों की परीक्षा के लिए 21 जनरेटर क्रय किए जाने हेतु कुल 15.55 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
खटीमा क्षेत्र में सड़क उन्नयन को मंजूरी
जनपद ऊधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र खटीमा में बिगराबाग से चकरपुर तक मार्ग को उच्चीकृत करते हुए एक लेन से डेढ़ लेन में परिवर्तित किए जाने के लिए 9.45 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
विकास योजनाओं से आमजन को मिलेगी राहत
इन सभी अनुमोदनों से राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



