मुख्यमंत्री के बेटे ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह किया

उज्जैन(मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु यादव की बारात अन्य 21 दूल्हों के साथ सामूहिक विवाह स्थल पर पहुंची। सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी की रस्में उज्जैन के सांवराखेड़ी में हो रही हैं।वरमाला के दौरान बाबा रामदेव ने मंत्र पढ़े।
सामूहिक सम्मेलन में शामिल होने बाबा रामदेव, पंडित धीरेंद्र शास्त्री, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मंत्री तुलसी सिलावट और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी पहुंचे।
अखाड़ा परिषद ने सभी जोड़ों को सवा लाख रुपए और पतंजलि पीठ की ओर से बाबा रामदेव ने एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के बेटे अभिमन्यु ने कहा कि वें सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी कर रहे हैं। इसकी डबल खुशी है। इतना भव्य कार्यक्रम चल रहा है। काफी अच्छा लग रहा है। बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि आगे का जीवन सुखी रहे।
अभिमन्यु की बनने वाली दुल्हन ज्योति ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। यहां बागेश्वर बाबा का आशीर्वाद मिला। सुविधाओं को देखकर लग ही नहीं रहा है हमारी शादी सम्मेलन में हो रही है।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जी ने अपने बेटे की शादी इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में करा कर बहुत अच्छी पहल की है। हम भी प्रयास करेंगे कि कन्याओं का इसी तरह विवाह कराएं। अखाड़ा परिषद ने अपनी ओर से सभी जोड़ों को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की।



