उत्तराखंडराज्य

10वां देहरादून अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 7 से 9 नवम्बर तक आयोजित होगा

देहरादून। उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी देहरादून एक बार फिर सिनेमा के रंगों में रंगने को तैयार है। 10वां देहरादून अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 7 से 9 नवंबर तक आयोजित होगा। इस बार आयोजन के दो स्थल होंगे—पीवीआर सेंट्रियो मॉल और तुलास इंस्टीट्यूट। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता, अभिनेता, गायिका और कलाकार शिरकत करेंगे और दर्शकों से सीधा संवाद करेंगे।

महोत्सव के आयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि इस बार फिल्म स्क्रीनिंग्स के साथ दो खास कार्यक्रम — “उत्तराखंड टैलेंट हंट” और “आंगन बाजार प्रदर्शनी” — भी आयोजित किए जाएंगे, जो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। टैलेंट हंट प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में होगी — 8 से 15 वर्ष और 16 वर्ष से अधिक। प्रतिभागी नृत्य, गायन, अभिनय, कविता और मिमिक्री जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र के साथ महोत्सव के आगामी प्रोजेक्टों में भाग लेने का मौका भी मिलेगा।

राजेश शर्मा ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं और स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर का मंच देना है ताकि वे अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें और पहचान बना सकें।

समावेशिता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महोत्सव के पहले दिन नेत्रहीन दर्शकों के लिए प्रसिद्ध फिल्म “जाने भी दो यारो” की विशेष स्क्रीनिंग रखी जाएगी। यह पहल समाज में सहभागिता और समानता का प्रतीक बनेगी।

देहरादून अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव पिछले एक दशक से नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का काम कर रहा है। यहां से कई कलाकार आज राष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना चुके हैं। इस बार भी फिल्म प्रेमियों के लिए 7 से 9 नवंबर तक पीवीआर सेंट्रियो मॉल और तुलास इंस्टीट्यूट, देहरादून में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button