उत्तर प्रदेशराज्य

UP में विमान क्रैश: टेक ऑफ के दौरान रनवे से उतरा, झाड़ियों में जा घुसा, SBI हेड भी थे सवार

फर्रुखाबाद : प्राइवेट जेट टेकऑफ से पहले झाड़ियों में गिर गया. घटना में दोनों पायलट समेत करीब 6 लोग बाल-बाल बच गए. हादसा गुरुवार को मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर हुआ. घटना की सूचना पर मौके पर एसडीएम समेत पुलिस-प्रशासन के अन्य अफसर पहुंच गए. हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ?, इसकी जांच कराई जा रही है.

प्रशासन के वाट्सएप ग्रुप के जरिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जानकारी दी कि निजी विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली है. विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं.

भोपाल से निर्माणाधीन बीयर फैक्ट्री का निरीक्षण करने आए थे : बीयर फैक्ट्री के यूपी प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने मामले में एक वीडियो जारी किया है. इसमें उन्होंने जानकारी दी कि मोहम्मदाबाद के राजकीय हवाई पट्टी पर जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का प्राइवेट जेट VT-DEZ बुधवार की दोपहर 3 बजे उतरा था. इसमें दो पायलट समेत बीयर फैक्ट्री के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा और बीपीओ राकेश टीकू आदि समेत 6 लोग थे. ये सभी भोपाल से निर्माणाधीन फैक्ट्री का निरीक्षण करने के लिए फर्रुखाबाद पहुंचे थे.

सुबह सभी लोग जा रहे थे भोपाल : यह फैक्ट्री खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बनाई जा रही है. प्रोजेक्ट हेड की ओर से आगे जानकारी दी गई कि गुरुवार की सुबह सभी को इसी जेट से वापस भोपाल जाना था. सभी लोग सुबह 10:30 बजे प्लेन में सवार हुए. प्लेन मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर टेकऑफ के लिए 400 मीटर तक चला. इसके बाद उड़ान भरते ही प्लेन का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद वह रनवे से उतर कर झाड़ियों में घुस गया.

उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने पायलटों पर लापरवाही का आरोप लगाया. कहा कि हमारे बॉस अजय अरोड़ा आदि ने सीट बेल्ट लगाया था. हादसे में सीट बेल्ट टूट गया. रनवे पर ही प्लेन क्रेश हो गया.

एसडीएम समेत कई अफसर पहुंचे : वहीं घटना की जानकारी पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. फायर ब्रिगेड से आशीष वर्मा, सीओ अजय वर्मा, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार आदि पहुंचे. सभी ने घटना के संबंध में जानकारी ली.

वहीं इस मामले में डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्लेन उड़ान भरने से पूर्व रन-वे पर अनियंत्रित होकर चला गया. तकनीकी विभाग के लोग बताएंगे कि क्या समस्या हुई. जांच की जा रही है. किसी प्रकार का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button