उत्तराखंडराज्य

14 वर्षीय किशोरी की 28 वर्षीय शादीशुदा युवक से शादी, सात लोगों पर मुकदमा

सितारगंज। नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम जंगल जोगीठेर में एक 14 वर्षीय किशोरी की 28 वर्षीय शादीशुदा युवक से शादी कराने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के कुछ सदस्यों ने आपसी सहमति बनाकर 31 अगस्त को मंदिर में किशोरी की शादी जयदेव पुत्र जूदन से करा दी। शादी के तीन दिन बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली।

पुलिस ने किशोरी के भाई की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम सहित नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

शादीशुदा युवक एक बच्चे का पिता

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को मंदिर में आयोजित शादी में दोनों परिवारों के लोग शामिल हुए थे। 28 वर्षीय जयदेव पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई है।

आरोप है कि दोनों परिवारों के कुछ सदस्यों ने आपसी सहमति से किशोरी की शादी युवक से करा दी। मामले की जानकारी दो सितंबर को पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

किशोरी के भाई ने लगाया जबरन शादी कराने का आरोप

किशोरी के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी नाबालिग बहन की जबरन शादी कराने का आरोप लगाया। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक महिला ने शादी कराने के लिए लड़के पक्ष से पैसे लिए थे।

प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत ने बताया कि किशोरी के भाई की तहरीर के आधार पर जयदेव सिंह, रेनू, तारा देवी, सुनील उर्फ पक्का, अनिल, अनीता और कोमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

किशोरी बरामद, युवक गिरफ्तार

एसआई राजेंद्र पंत के अनुसार, गुरुवार को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया और आरोपी युवक जयदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

मामले की विवेचना खटीमा में तैनात महिला उपनिरीक्षक संतोषी नेगी को सौंपी गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button