उत्तराखंडराज्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, आवास घेरा

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ के समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास का घेराव कर उनके बयान के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह जोगी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस ने ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को बताया सामाजिक सौहार्द के खिलाफ

मदन लाल ने कहा कि 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। उनका आरोप है कि सभा समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने उसी स्थान पर कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किया। कांग्रेस ने इस घटना को सामाजिक सौहार्द, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत बताया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित ‘शुद्धिकरण’ को सही ठहराना दुर्भाग्यपूर्ण है। मदन लाल के मुताबिक, लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल की विचारधारा से असहमति जताने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी राजनीतिक कार्यक्रम के स्थल को अपवित्र बताकर उसका शुद्धिकरण करना समाज में विभाजन की भावना को बढ़ावा देता है।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से अपने बयान को लेकर प्रदेश की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

दलितों के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस: जोगी

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह जोगी ने कहा कि कांग्रेस दलितों के अपमान को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों के साथ अत्याचार के आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

घेराव और प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अभिनव थापर, जगदीश धीमान, सीपी सिंह, महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’, नीरज त्यागी, करण घट, आदर्श सूद, गगन सक्सेना, रविंद्र ठाकुर, सुनील प्रधान, पूनम कंडारी, नितीश राजोरिया, सागर सिंह, अमित तलवार, राजकुमार सिंह, सुनील जायसवाल, पिया थापा, हरजीत सिंह, अनिल बंसल, संजय गौतम, अशोक कुमार, ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, मुकीम अहमद भूरा, दीपक मधवाल, शाहिद अहमद, जमाल, याकूब सिद्दीकी, अभिषेक पासी और रोबिन त्यागी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button