
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को सहारनपुर चौक पर आयोजित भगवान टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान टपकेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, ये आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं।
श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा में शामिल संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा सदैव प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास, प्रगति एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ता रहे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
भगवान टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।



