उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों, जनसमस्याओं और विभिन्न सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। इसके लिए शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाना चाहिए।

दिव्यांग कुलदीप को तत्काल सहायता देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ट्राईसाइकिल देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समय पर सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने रखीं मांगें

इस दौरान राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति और देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति सहित हरिद्वार से आए विभिन्न शिष्टमंडलों और प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों, समस्याओं और सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित विषयों पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसंवाद के जरिए विकास को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके लिए शासन और प्रशासन के स्तर पर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक महंत दिलीप रावत, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जेसी कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button