उत्तराखंडराज्य

गोपेश्वर में पीआईबी की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला आयोजित

चमोली। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासपरक पहलों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों तक पहुंचाने के साथ-साथ इनके प्रभावी प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।

स्थानीय मीडिया दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचा सकता है योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक तभी पहुंच सकता है, जब योजनाओं से जुड़ी सही और उपयोगी जानकारी समय पर आमजन तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्थानीय मीडिया अपनी व्यापक पहुंच के माध्यम से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

विभिन्न सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यशाला के अलग-अलग सत्रों में आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, ई-20 पहल एवं हरित ईंधन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, नशा मुक्त भारत अभियान, जीआई टैगिंग और ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

विषय विशेषज्ञों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस दौरान पत्रकारों की ओर से पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी विशेषज्ञों ने समाधान किया।

जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठे सवाल

पत्रकारों ने योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने और प्रचार-प्रसार से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। विषय विशेषज्ञों ने तथ्यपरक एवं विस्तृत जानकारी देकर इन सवालों का जवाब दिया।

कार्यशाला से पत्रकारों को सरकारी योजनाओं की बेहतर समझ विकसित करने के साथ आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने में मदद मिली।

विषय विशेषज्ञों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी व्यापक स्तर तक पहुंच सकता है, जब पात्र लाभार्थियों को उनकी सही, सरल और तथ्यपरक जानकारी समय पर मिले। ऐसे में मीडिया प्रशासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभा सकता है।

ब्लॉक और ग्राम स्तर तक पहुंचे योजनाओं की जानकारी

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे ब्लॉक और ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। योजनाओं की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के संज्ञान में लाकर बेहतर जनसंवाद स्थापित किया जा सकता है।

‘जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रसार में मीडिया की भूमिका’ पर चर्चा

कार्यशाला में ‘जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रसार में मीडिया की भूमिका’ विषय पर विशेष संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान पत्रकारों ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक सूचनाओं की पहुंच, जनजागरूकता तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने से जुड़े अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।

ये अधिकारी और पत्रकार रहे मौजूद

कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल, प्रेस क्लब चमोली के संरक्षक क्रांति भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विषय विशेषज्ञ और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button