उत्तराखंडराज्य

तमक नाले में लापता बीआरओ हवलदार पंकज की तलाश जारी, युद्धस्तर पर चल रहा सर्च अभियान

चमोली। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद तेज बहाव और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के हवलदार पंकज की तलाश में रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हुए हवलदार

लापता हवलदार पंकज सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात थे। तमक नाले में अचानक आए तेज पानी और मलबे की चपेट में आने के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनकी तलाश में नाले के आसपास जमा मलबे, जलधाराओं, नदी के किनारों और अन्य संभावित स्थानों को खंगाला जा रहा है।

50 से अधिक जवान और तीन एक्सकेवेटर सर्च अभियान में जुटे

हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में तीन एक्सकेवेटर लगाए गए हैं। गढ़वाल राइफल्स और बीआरओ की 123 इकाई के 50 से अधिक जवान भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।

इसके अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग और ड्रोन की सहायता से दुर्गम क्षेत्रों में खोजबीन कर रही हैं। राहत एवं बचाव दल संभावित हर स्थान की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

मलबा और बोल्डर हटाकर की जा रही गहन जांच

सर्च अभियान के दौरान भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाया जा रहा है। इसके बाद नीचे और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की जा रही है। अभियान में Ground Penetrating Radar (GPR) समेत अत्याधुनिक सर्च और डिटेक्शन उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

तमक नाले से आगे नदी के दोनों किनारों तक सर्च अभियान का दायरा बढ़ा दिया गया है। रेस्क्यू टीमें नदी किनारे और आसपास के संभावित क्षेत्रों में भी लगातार तलाश कर रही हैं।

प्रशासन ने सभी संभावित स्थानों को किया चिन्हित

जिला प्रशासन ने हवलदार पंकज की तलाश के लिए सभी संभावित स्थानों को चिन्हित कर क्रमवार सर्चिंग के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी क्षेत्र जांच से छूट न जाए। प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है।

मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। तमक नाले से लेकर नदी के दोनों किनारों तक हवलदार पंकज की तलाश लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button