उत्तराखंडराज्य

सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर फहराया तिरंगा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रध्वज फहराकर अभियान को व्यापक जनभागीदारी का रूप देने की अपील की।

‘हर घर तिरंगा’ जन-जन का अभियान बना

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना को व्यक्त करने का अवसर है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-जन से जुड़ चुका है। उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में प्रदेश के प्रत्येक परिवार को उत्साह के साथ इस अभियान का हिस्सा बनकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करना चाहिए।

बच्चों और युवाओं को भी राष्ट्रप्रेम से जोड़ने की अपील

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने और राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार के बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ना जरूरी है।

सामूहिक सहभागिता से मजबूत होगी राष्ट्रीय एकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। इससे देश की एकता, अखंडता और गौरव की भावना और अधिक मजबूत होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button