
रुद्रपुर। जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि उत्तराखंड के युवाओं में पर्वतारोहण के क्षेत्र में दक्षता विकसित करने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2026 में पर्वतारोहण अभियानों का आयोजन किया जाएगा। ये अभियान सितंबर-अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित हैं। अभियान के लिए जनपद से 5 प्रतिभागियों का चयन किया जाना है।
इन पर्वत चोटियों पर होंगे अभियान
उन्होंने बताया कि माउंट भागीरथी द्वितीय (6,316 मीटर) और माउंट पंचाचूली प्रथम (6,349 मीटर) की पर्वतारोहण अभियानों में केवल युवक प्रतिभाग कर सकेंगे। वहीं माउंट स्वर्गारोहिणी (6,352 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान में केवल युवतियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
प्रशिक्षण और आयु सीमा निर्धारित
पर्वतारोहण अभियान में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी के पास बेसिक पर्वतारोहण प्रशिक्षण (BMC) या एडवांस पर्वतारोहण प्रशिक्षण (AMC) में ‘A’ ग्रेड होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
25 अगस्त तक जमा करें आवेदन
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि पर्वतारोहण अभियान में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर आवश्यक अभिलेखों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 25 अगस्त 2026 तक जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, निकट विकास भवन, रुद्रपुर में जमा कर सकते हैं।
प्रतिभागियों का चयन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, देहरादून द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, रुद्रपुर में संपर्क किया जा सकता है।
पूर्व में अभियान में प्रतिभाग कर चुके अभ्यर्थी नहीं होंगे पात्र
उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, देहरादून द्वारा पूर्व में आयोजित पर्वतारोहण अभियानों में प्रतिभाग कर चुके आवेदकों के आवेदन पर इस अभियान के लिए विचार नहीं किया जाएगा।



