उत्तराखंडराज्य

वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क तीर्थाटन का अवसर

रुद्रपुर। जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि ‘पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना’ के अंतर्गत राज्य के 60 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। यात्रा के दौरान आवास, भोजन एवं परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इन तीर्थ स्थलों की कराई जाएगी यात्रा

योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को श्री गंगोत्री धाम, श्री बद्रीनाथ धाम, रीठा-मीठा साहिब, नानकमत्ता, कलियर शरीफ (हरिद्वार), ताड़केश्वर (पौड़ी), कालीमठ (रुद्रप्रयाग), जागेश्वर (अल्मोड़ा), गैराड़गोलू (बागेश्वर), गंगोलीहाट (पिथौरागढ़), बैजनाथ (बागेश्वर), महासू देवता हनोल (देहरादून), कालिका (पौड़ी) एवं ज्वालपा (पौड़ी) धाम की यात्रा कराई जानी है।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने योजना के तहत यात्रा के इच्छुक श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रारूप में आवेदन करने की अपील की है। आवेदन के साथ आधार कार्ड अथवा आयु प्रमाण पत्र की छायाप्रति तथा स्वास्थ्य परीक्षण संबंधी चिकित्सा प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

इच्छुक वरिष्ठ नागरिक अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, निकट विकास भवन, रुद्रपुर में उपलब्ध करा सकते हैं।

एक ही तीर्थ स्थल के लिए मिलेगा योजना का लाभ

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल एक तीर्थ स्थल की यात्रा के लिए ही अनुमन्य होगा। जिन आवेदकों द्वारा पूर्व में इस योजना के तहत तीर्थ यात्रा का लाभ लिया जा चुका है, उनके आवेदन पर दोबारा विचार नहीं किया जाएगा।

जिला पर्यटन विभाग ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों से योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button