
देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोक हास्य परंपरा को संरक्षित करने, उसे बढ़ावा देने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से घन्ना भाई फाउंडेशन की ओर से 4 अगस्त को लोक हास्य दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपराह्न 3 बजे संस्कृति विभाग उत्तराखंड के प्रेक्षागृह, देहरादून में आयोजित होगा।
लोक संस्कृति, हास्य कला और सामाजिक मूल्यों का होगा संगम
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, हास्य कला और सामाजिक मूल्यों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हास्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक सोच, आपसी भाईचारे, एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है।
चार विशिष्ट हस्तियों को मिलेगा ‘घन्ना भाई सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कला एवं संस्कृति, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कम से कम चार विशिष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘घन्ना भाई सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
लोक हास्य नाटक और कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
आयोजन का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली पर आधारित विशेष लोक हास्य नाटक का मंचन होगा। इसके साथ ही प्रदेश के उभरते हुए हास्य कलाकारों, कॉमेडियन और रंगकर्मियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कला और साहित्य जगत की हस्तियां होंगी शामिल
कार्यक्रम में साहित्य, रंगमंच, संगीत, कला और सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ कलाकार, साहित्यकार, रंगकर्मी, संगीतकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
फाउंडेशन का उद्देश्य लोक हास्य की पुरानी परंपरा को नई ऊर्जा देना और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
घन्ना भाई फाउंडेशन ने प्रदेशवासियों, कला प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध लोक हास्य परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के इस अभियान में अपना सहयोग दें।



