उत्तराखंडराज्य

2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ हरिद्वार से ऋषिकेश तक निकलेगी विशेष कांवड़ यात्रा

देहरादून। भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या ने 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक विशेष कांवड़ यात्रा आयोजित करने की घोषणा की है।

सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में खेल मंत्री ने बताया कि यह 22 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से शुरू होगी और ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।

भारत को खेल महाशक्ति बनाने के उद्देश्य से आयोजन

रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर देश के खेल क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनने और ओलंपिक मेजबानी प्राप्त करने की कामना की जाएगी।

सांस्कृतिक विरासत और खेल चेतना का प्रतीक होगी यात्रा

खेल मंत्री ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, खेल भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक भी होगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि उत्तराखंड से शुरू होने वाला यह अभियान देश के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक सोच का संचार करेगा।

संत समाज और खिलाड़ी भी होंगे शामिल

रेखा आर्या ने बताया कि इस यात्रा में संत समाज का भी विशेष सहयोग रहेगा। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र रवींद्र पुरी महाराज यात्रा के विभिन्न चरणों में शामिल होंगे।

इसके अलावा प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस विशेष कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील

खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, संत समाज और आमजन से 10 अगस्त को हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक आयोजित होने वाली इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सामूहिक संकल्प और आशीर्वाद के साथ भारत को खेल महाशक्ति बनाने और वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम आगे बढ़ाया जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button