उत्तराखंडराज्य

देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने बताया जनसंवाद का प्रभावी माध्यम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर, देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो आज भी जनसंवाद, जनजागरूकता और सामाजिक चेतना फैलाने का एक प्रभावी माध्यम है। ओहो रेडियो समाज में सकारात्मक संवाद स्थापित करने और जनहित से जुड़े संदेशों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का सशक्त माध्यम है रेडियो

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रेडियो ऐसा संचार माध्यम है, जिसकी पहुंच समाज के हर वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक मुद्दों, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता तक पहुंचाने में रेडियो की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।

उत्तराखंड की संस्कृति और प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न संचार माध्यमों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं, लोककलाओं, लोकसंगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को देशभर में पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच राज्य की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में सहायक साबित होते हैं।

डिजिटल दौर में भी रेडियो की उपयोगिता बरकरार

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में भी रेडियो की विश्वसनीयता और प्रभाव कम नहीं हुआ है। स्थानीय मुद्दों को सामने लाने, सकारात्मक खबरों को बढ़ावा देने और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने में सामुदायिक एवं एफएम रेडियो की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम उत्तराखंड के विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला एक प्रभावी मंच बनेगा।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, ओहो रेडियो के आर.जे. काव्य सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button