
देहरादून। गांधी रोड स्थित जैन भवन में परम पूज्य आचार्य विद्यासागर जी महामुनिराज एवं आचार्य समयसागर जी महामुनिराज की शिष्या पूज्य गुरुमाँ पूर्णमति माताजी के सानिध्य में चातुर्मास के अंतर्गत मंगल कलश स्थापना कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल मंगलाष्टक पाठ के साथ हुआ। इसके बाद अभिषेक, शांतिधारा और गुरुमाँ के मंगल प्रवचन आयोजित किए गए। मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मंगल कलशों की स्थापना कराई गई। पुण्यार्जक परिवारों ने मूलनायक भगवान के समक्ष कलश स्थापित कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
अतिथियों ने जैन समाज को दी चातुर्मास की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं कैबिनेट मंत्री खजान दास अतिविशिष्ट अतिथि और विशाल गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने जैन समाज को चातुर्मास की शुभकामनाएं देते हुए धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर गुरुमाँ पूर्णमति माताजी ने श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
विभिन्न कलशों की हुई स्थापना
मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि चातुर्मास मुख्य कलश, मंगल कलश, आचार्य विद्यासागर कलश, आचार्य समयसागर कलश और गुरुमाँ पूर्णमति माताजी कलश की स्थापना विभिन्न पुण्यार्जक परिवारों द्वारा संपन्न कराई गई।
कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
इस धार्मिक आयोजन में देहरादून के अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश, विकासनगर, रुड़की, दिल्ली, आगरा, मुजफ्फरनगर और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान के समक्ष श्रद्धापूर्वक कलश स्थापित कर धर्म लाभ अर्जित किया।



