
देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना राजपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लगभग एक वर्ष पुराने बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने संपत्ति विवाद के चलते अपने ही सौतेले भाई अजय भटेजा की हत्या की साजिश रची थी।
जाखन क्षेत्र में हुई थी हत्या की वारदात
मामला 26 मई 2025 का है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित कृष्णा विहार आवास में हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
तकनीकी जांच से खुली साजिश की परतें
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान की। इसी क्रम में 19 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपनी साथी हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या करने की बात स्वीकार की।
राजन ने पुलिस को बताया कि हत्या की पूरी साजिश अमित भटेजा ने रची थी और उसी के कहने पर वारदात को अंजाम दिया गया था।
सहारनपुर से गिरफ्तार हुई थी महिला आरोपी
मुख्य आरोपी के खुलासे के बाद पुलिस ने 23 मई 2026 को हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद फरार चल रहे अमित भटेजा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया और उसकी तलाश तेज कर दी गई।
न्यायालय परिसर के बाहर दबोचा गया आरोपी
लगातार निगरानी और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को देहरादून जिला न्यायालय परिसर के बाहर से अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से संपत्ति और वाहनों से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में अमित भटेजा ने बताया कि उसका सौतेला भाई अजय भटेजा देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियों का स्वामी था। आरोपी का दावा था कि इन संपत्तियों में उसके पिता का भी आर्थिक योगदान था, लेकिन अजय उसे किसी भी संपत्ति में हिस्सा देने के लिए तैयार नहीं था।
इसी विवाद और रंजिश के चलते अमित ने राजन उर्फ जैकी को हत्या के लिए तैयार किया और बदले में जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सेदारी देने का लालच दिया।
तकिये से मुंह दबाकर की गई थी हत्या
पुलिस जांच के अनुसार 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात के अगले दिन अमित भटेजा घटनास्थल पर पहुंचा और वहां मौजूद संपत्ति संबंधी दस्तावेज अपने कब्जे में ले गया।
बाद में जब गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में उसका नाम उजागर किया तो वह फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। आखिरकार अपने अधिवक्ता से मिलने न्यायालय पहुंचने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं दो आरोपी
इस मामले में राजन उर्फ जैकी और हुमेरा उर्फ जोया को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अमित भटेजा सहारनपुर के शारदा नगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका रही अहम
इस बहुचर्चित मामले के सफल खुलासे और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में थाना राजपुर के प्रभारी निरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी उपलब्धि बताया है।



