उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर में 9वां राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा: 17 धात्री महिलाओं को मिली महालक्ष्मी किट, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

रुद्रपुर: 9वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के अंतर्गत ट्रांजिट कैंप स्थित विवेक नगर (वार्ड 2) के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 9 में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 17 धात्री महिलाओं को ‘महालक्ष्मी किट’ वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के राज्यमंत्री एवं पूर्व मेयर रामपाल सिंह उपस्थित रहे।

स्वस्थ मां और शिशु ही मजबूत समाज की नींव: रामपाल सिंह

लाभार्थी महिलाओं को किट प्रदान करते हुए राज्यमंत्री रामपाल सिंह ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु ही सशक्त समाज का निर्माण करते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि महालक्ष्मी किट योजना का मुख्य उद्देश्य प्रसव के बाद माताओं और नवजात शिशुओं को जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना तथा उनके पोषण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना

राज्यमंत्री ने योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर गर्भवती व धात्री महिलाओं और छोटे बच्चों को उचित पोषण, नियमित टीकाकरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और आंगनबाड़ी व स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का पूरा लाभ उठाएं।

कुपोषण मिटाने के लिए जनभागीदारी जरूरी

रामपाल सिंह ने बल देकर कहा कि राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े का लक्ष्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना है। कुपोषण को खत्म करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ परिवार और समाज का सहयोग भी आवश्यक है। महिलाओं को संतुलित आहार, आयरन और कैल्शियम युक्त पोषक तत्वों का नियमित सेवन करना चाहिए।

स्तनपान और नियमित जांच पर जोर

आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रोनोति विश्वास ने बताया कि पोषण पखवाड़े के तहत महिलाओं को स्वच्छता, स्तनपान, नियमित जांच और टीकाकरण का महत्व समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए संपूर्ण आहार है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। केंद्र के माध्यम से बच्चों व माताओं के वजन की निगरानी और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

ये लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पार्षद राजेंद्र राठौर, भुवन गुप्ता, सहायिका चंपा सरकार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

महालक्ष्मी किट प्राप्त करने वाली प्रमुख लाभार्थी: रोशनी, लाली, सुनीता, सरला, दिव्यांशी, राजकुमारी, दीप्ति, सुमन, कुसुम, प्रिया पाल, आरती, रोशनी देवी, शिवानी, पूजा, अमन, विमलेश, रेखा और मंजू आदि।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button