
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित ‘तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार’ और ‘राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार’ के चयनित नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, प्रदेश के सभी 13 जनपदों से एक-एक महिला को तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न जिलों की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान समारोह 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित किया जाएगा, जहाँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ चयन
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार उन महिलाओं के साहस, संघर्ष और समर्पण को समर्पित है, जिन्होंने समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। चयनित महिलाओं ने लोककला, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण, कृषि, समाजसेवा और दिव्यांगजन कल्याण जैसे विविध क्षेत्रों में अभूतपूर्व योगदान दिया है।
जनपदवार तीलू रौतेली पुरस्कार विजेताओं की सूची:
-
अल्मोड़ा: पुष्पा फर्त्याल (संस्कृति एवं लोककला)
-
बागेश्वर: दया दानू (कृषि एवं स्वरोजगार)
-
चमोली: नन्दा सती (संगीत एवं शिक्षा)
-
चम्पावत: रितीका बगौली (पर्यावरण एवं वैज्ञानिक शोध)
-
देहरादून: नीतू रानी (दिव्यांगजन सशक्तीकरण)
-
हरिद्वार: वैशाली शर्मा (समाजसेवा एवं बाल अधिकार)
-
नैनीताल: लतिका (ताइक्वांडो)
-
पौड़ी गढ़वाल: प्रियंका नेगी ध्यानी (महिला स्वरोजगार)
-
पिथौरागढ़: कलावती देवी (डेयरी एवं जैविक कृषि)
-
रुद्रप्रयाग: दुर्गा देवी (महिला स्वावलंबन)
-
टिहरी गढ़वाल: सरिता कोठियाल (समाजसेवा)
-
ऊधम सिंह नगर: पुष्पा देवी (पैरा एथलेटिक्स)
-
उत्तरकाशी: स्वाती बधानी (कृषि एवं समाजसेवा)
35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां भी होंगी सम्मानित
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य कर रही हैं।
उनकी इस निस्वार्थ सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान करना राज्य सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। 8 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में इन 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।



