मोदी सरकार की पहले की गारंटी का क्या हुआ? महिला आरक्षण और परिसीमन पर डिंपल का तीखा प्रहार

नई दिल्ली: लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया। उन्होंने बीजेपी पर आरोप आरोप लगाया कि बीजेपी महिला आरक्षण का मुखौटा पहनकर परिसीमन के जरिये खुद को सशक्त बनाना चाहती है। डिंपल ने सवाल उठाया कि सरकार ने अब तक जनगणना क्यों नहीं कराई और अब अचानक जल्दबाजी क्यों दिखा रही है?
लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया कि सरकार विधेयक को लेकर जल्दबाजी दिखा रही है क्योंकि वह जाति जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन नहीं चाहती।
डिंपल ने की ओबीसी-अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए आरक्षण की मांग
- डिंपल यादव ने कहा, उत्तर प्रदेश में पहली बार जब पंचायती राज में मुलायम सिंह यादव ने महिला आरक्षण लागू किया, तो एससी-एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग कभी कैटेगरी की महिलाओं को आरक्षण मिला।
- उन्होंने ने कहा, सपा चाहती है कि इसमें ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) और अल्पसंख्यक महिलाओं को भी अलग से आरक्षण मिले।
- सपा सांसद ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, उन्हें अल्पसंख्यक महिलाओं से चिढ़ है। लेकिन वह ओबीसी महिलाओं के लिए मना नहीं करेंगे। संशोधन में ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान होना चाहिए था।
बीजेपी का सरकार जाने वाली है: डिंपल यादव
सपा सांसद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जाति जनगणना के आंकड़े सामने आने से पहले, 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा 2023 में महिला आरक्षण विधेयक लेकर आई तो उसकी सरकार पूर्ण बहुमत से सहयोगियों के भरोसे हो गई और अब वह दोबारा यह विधेयक लेकर आई है तो 2029 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जाने वाली है।
डिंपल ने सत्तारूढ़ भाजपा पर आरोप लगाया, आप महिला आरक्षण का मुखौटा पहने हुए हैं और परिसीमन से अपने आप को सशक्त करना चाहते हैं।
‘पीएम मोदी की गारंटी पर डिंपल का तंज’
पीएम मोदी के भाषण का जिक्र करते हुए डिंपल ने कहा, कल सदन में गारंटी का बात की जा रही थी। ये तो समय बताएगा कि क्या गारंटी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या आपने गारंटी नहीं दी थी कि हम किसान भाईयों की आय दोगुनी करेंगे? क्या आपने वन पेंशन का वादा नहीं किया था? क्या आपने दो करोड़ लोगों को नौकरी देने की गारंटी नहीं दी थी?
डिंपल ने आगे कहा, आपने नोटबंदी पर गारंटी दी थी, कि हम नोटबंदी से आतंकवाद को खत्म करेंगे। उन्होंने कहा, पुलवामा, पहलगाम, नक्सवादी की सबसे ज्यादा घटनाएं बीजेपी की सरकार में हुई हैं।



