
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थिति पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व और राज्य के आर्थिक विकास की सराहना
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ढाई दशक के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी है।
-
जनकल्याणकारी योजनाएं: जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा है।
-
आर्थिक प्रगति: पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में 1.5 गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
-
औद्योगिक व महिला सशक्तिकरण: इस अवधि में 20,000 से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं तथा 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
राज्य की प्रमुख उपलब्धियाँ और सुशासन के कड़े फैसले
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि उत्तराखंड ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं:
-
नीति आयोग सूचकांक: सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में उत्तराखंड पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
-
साक्षरता व पर्यटन: राज्य को लगातार चार वर्षों से ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का सम्मान मिला है और उत्तराखंड पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है। सुरक्षित चारधाम यात्रा प्रबंधन के कारण इस वर्ष 56 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
-
ऐतिहासिक कानून: समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के साथ ही सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और सख्त नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से बीते 5 वर्षों में 35,000 से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उत्तरकाशी के लिए विकास परियोजनाएँ और मुख्य घोषणाएँ
उत्तरकाशी जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने ₹200 करोड़ से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया (जिनमें से 26 कार्य पूरे हो चुके हैं तथा 24 पर कार्य प्रगति पर है)। इसके अतिरिक्त कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं:
-
विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर: श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।
-
चिकित्सालय का नामकरण: उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखा जाएगा।
-
पर्यटन व सौंदर्यीकरण: डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
-
स्वास्थ्य एवं शिक्षा: गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) धौंतरी के उच्चीकरण का परीक्षण कराया जाएगा तथा भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख जन प्रतिनिधि व अधिकारी
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण एवं केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय तथा मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।



