उत्तर प्रदेशउत्तराखंडराज्य

‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से सम्मानित हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

लखनऊ/देहरादून। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को संगठन के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. रावत ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, एकता, सेवा भाव और देशभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों और कॉलेजों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार के लिए सतत कार्य कर रही है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तराखंड में स्काउट-गाइड आंदोलन को मजबूत करने और युवाओं में सकारात्मक व राष्ट्रनिर्माण की सोच विकसित करने के लिए डॉ. रावत के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

डॉ. रावत ने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था देशभर में युवाओं के शारीरिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण के साथ जनसेवा व युवा सशक्तिकरण के कार्यों में जुटने की प्रेरणा देगा ।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राष्ट्रीय जम्बूरी के सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री योगी को बधाई दी। दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न विषयों और समसामयिक मुद्दों पर सकारात्मक व सार्थक चर्चा हुई।

इसके बाद डॉ. रावत ने जम्बूरी में प्रतिभाग कर रहे उत्तराखंड के स्काउट्स-गाइड्स दल से मुलाकात की। स्काउट-गाइड्स ने बैंड की धुन पर उनका स्वागत किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और कहा कि स्काउटिंग युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा-भाव को विकसित करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button