
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के गजियावाला में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड सहसपुर की 15 ग्राम पंचायतों के 28 आंगनवाड़ी केंद्रों को खेल एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के लिए टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, डार्ट बोर्ड, पज़ल गेम, किचन सेट, डॉक्टर सेट, 3डी चार्ट, व्हाइट व ब्लैक चार्ट, रोलर बोर्ड, क्रेज़ी बॉल, पेंसिल बॉक्स, पेंसिल, शार्पनर, इरेज़र, स्केच पेन, दरी, कलरिंग बुक, स्लेट, वजन मापने की मशीन, आयरन बॉक्स, एल्यूमिनियम पतीला, स्टील करछी, प्रेशर कुकर आदि सामग्री प्रदान की।
मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए फर्नीचर, अलमारी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
शिक्षा को बताया समाज की प्रगति का आधार
वितरण कार्यक्रम के उपरांत अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नोबेल पुरस्कार विजेता नेल्सन मंडेला के उद्धरण का उल्लेख करते हुए कहा कि “शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज का आधार स्तंभ है और इसके बिना किसी भी देश या समाज का विकास संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि मसूरी विधानसभा के 100 आंगनवाड़ी केंद्रों और 11 मिनी आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों को खेल एवं पठन-पाठन सामग्री प्रदान करने की पहल की गई थी। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आज 28 केंद्रों को सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक शत-प्रतिशत आंगनवाड़ी केंद्रों को पठन-पाठन एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।
बाल विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार के प्रयास
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की प्रथम कड़ी हैं, जहाँ शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की नींव रखी जाती है।
मंत्री ने बताया कि खेल एवं पठन-पाठन सामग्री मिलने से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ेगी तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों की सहभागिता
इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रभारी ज्योति कोटिया, मंडल महामंत्री किरण मन्युड़ी, सीमा पुंडीर, पूर्व प्रधान लीला शर्मा, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, जितेंद्र राणा, समुंद्र रैग्मी, संजय शर्मा, ग्राम प्रधान भारती ज्वाड़ी, सुरेश ज्वाड़ी, पूर्व बीडीसी ज्योति ढकाल सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



