
रुद्रपुर। मानसून अवधि में संभावित आपदाओं को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आईआरएस प्रणाली से जुड़े अधिकारी, जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर एवं काशीपुर तथा जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए अलर्ट
बैठक में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र बारिश की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में संचार व्यवस्था सुचारू रखी जाए, बाधित मोटर मार्गों को जल्द से जल्द खुलवाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने सभी बाढ़ नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश
नगर निगमों और नगर निकायों को नालियों, नालों और कलवर्टों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए, जिससे जलभराव की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।
इसके अलावा विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने और मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश
बैठक में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसून अवधि के दौरान मुख्यालय पर उपलब्ध रहने तथा अपने मोबाइल फोन लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा संबंधी किसी भी सूचना के मिलते ही संबंधित अधिकारी बिना देरी के राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें और इसकी जानकारी तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराएं।



