उत्तराखंडराज्य

पौड़ी के महरगांव में दो मंजिला मकान भरभराकर ढहा, तीन लोगों के दबे होने की आशंका

पौड़ी। भारी बारिश के बीच पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद चार लोग मलबे की चपेट में आ गए। मकान गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और एक महिला को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला को तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

वहीं, करीब दो साल के बच्चे समेत तीन अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासन और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीमों ने मलबा हटाकर दबे हुए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

लगातार बारिश से रेस्क्यू अभियान में चुनौती

लगातार हो रही बारिश के कारण राहत और बचाव अभियान में भी मुश्किलें सामने आ रही हैं। जिले के कई इलाकों में सड़कें प्रभावित होने के चलते रेस्क्यू टीमों की आवाजाही बाधित हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।

मलबे में दबे तीन लोगों की तलाश जारी

फिलहाल सबसे बड़ी चिंता मलबे में दबे तीन लोगों को लेकर है। एसडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव टीमें लगातार मलबा हटाने और संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाने में जुटी हैं। प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button