अंतर्राष्ट्रीय

ट्रंप ने यूक्रेन-रूस के बीच 3 दिन के सीजफायर का ऐलान किया, इसे युद्ध के अंत की शुरुआत बताया

वॉशिंगटन: रूस और यूक्रेन तीन दिनों के लिए युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। यह युद्धविराम शनिवार 9 मई से सोमवार 11 मई तक लागू होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष कुछ समय के लिए लड़ाई रोकने और बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली करने सहमत हो गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी एक बयान में ट्रंप ने कहा कि इस संघर्ष विराम में कैदियों की एक बड़ी अदला-बदली भी शामिल होगी, जिसमें दोनों पक्षों के 1000 कैदियों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

ट्रंप ने खुद किया था युद्धविराम का अनुरोध

ट्रंप ने पोस्ट में बताया कि इस युद्धविराम का अनुरोध उन्होंने सीधे किया था और इस पर सहमत होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के वोलोदिमिर जेलेंस्की का शुक्रिया कहा। यह युद्धविराम ऐसे समय पर हुआ है, जब रूस में द्वितीय विश्व युद्ध की जीत की याद में विजय दिवस मनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में तीन दिन का सीजफायर होगा। रूस में यह विजय दिवस के जश्न के मौके पर हो रहा है और ठीक वैसे ही यूक्रेन में भी, क्योंकि वे भी दूसरे विश्व युद्ध का एक बड़ा हिस्सा और कारक थे।

इस सीजफायर में सभी तरह की सैन्य गतिविधियों पर रोक के साथ-साथ दोनों देशों के 1000-1000 कैदियों की अदला-बदली भी शामिल होगी। यह अनुरोध मैंने सीधे तौर पर किया था और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के इस पर सहमति जताने की मैं बहुत सराहना करता हूं।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति

ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यह संघर्ष विराम एक बहुत लंबे, जानलेवा और कड़े संघर्ष वाले युद्ध के अंत की शुरुआत होगी। इस बड़े संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है, जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा संघर्ष है और हम हर दिन इसके समाधान के और करीब पहुंच रहे हैं।

जेलेंस्की ने की पुष्टि

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक टेलीग्राम पोस्ट में इसकी पुष्टि की है और बताया कि संघर्ष विराम अमेरिका की मध्यस्थता से हुई बातचीत के जरिए किया गया है। जेलेंस्की ने पोस्ट में कहा, “आज अमेरिकी पक्ष की मध्यस्थता से चल रही बातचीत की प्रक्रिया के तहत हमें रूस की ओर से 1000 के बदले 1000 के फॉर्मेट में युद्धबंदियों की अदला-बदली करने की सहमति मिली है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button