उत्तराखंडराज्य

खरगे के मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ पर बढ़ा बवाल: रुद्रपुर में तहरीर देकर गिरीश पांडेय समेत 15 पर FIR की मांग, टनकपुर में पुतला दहन

रुद्रपुर/टनकपुर: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का मामला लगातार गहराता जा रहा है। सोमवार को रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

रुद्रपुर कोतवाली में सौंपी गई लिखित तहरीर

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपकर नामजद आरोपी गिरीश चंद्र पांडेय और उनके साथ मौजूद 15 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस का आरोप: दलित समाज का अपमान और संविधान का उल्लंघन

पुलिस को सौंपी तहरीर में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि:

  • 8 अगस्त: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अनुसूचित जाति (SC) समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विशाल जनसभा आयोजित हुई थी।

  • 10 अगस्त: आरोप है कि गिरीश चंद्र पांडेय और उनके सहयोगियों ने रामलीला मैदान में यज्ञ किया और गंगाजल/मंगल छींटकर कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ का कृत्य किया।

कांग्रेस का कहना है कि यह कृत्य सीधे तौर पर अनुसूचित जाति के लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, समाज में छुआछूत व भेदभाव को बढ़ावा देने तथा भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।

एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

टनकपुर में यूथ कांग्रेस ने फूंका भाजपा का पुतला

मल्लिकार्जुन खरगे के सभास्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना के विरोध में प्रदर्शन की आग अब अन्य जिलों तक भी पहुंच गई है। टनकपुर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button