
चमोली। आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेस्क्यू अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
हादसे में 22 श्रमिक प्रभावित, 12 का रेस्क्यू
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचाराधीन हैं, जबकि एक श्रमिक को एम्स ऋषिकेश में उपचार दिया जा रहा है।
हादसे में 8 श्रमिकों की दुखद मृत्यु हुई है, जबकि दो श्रमिक अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
लापता श्रमिकों की तलाश में तेजी लाने के निर्देश
आयुक्त आनंद स्वरूप ने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि टनल में लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव कार्य को पूरी गंभीरता एवं तेजी के साथ जारी रखा जाए।
उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
टनल से हटाई गई तीन मशीनें
अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं। इसके अलावा एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का काम जारी है।
आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाने के साथ ही टनल के भीतर खोज एवं बचाव कार्य को और तेज करने के निर्देश दिए।
आरबीएनएल और टीएचडीसी के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
आयुक्त ने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि टीएचडीसी से संबंधित रेस्क्यू एवं अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग लिया जा सके और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम करें और लापता श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
श्रमिकों के पीएफ अभिलेखों की जांच के निर्देश
बैठक में श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ से संबंधित अभिलेखों की जांच कर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने और पूरे प्रकरण की जानकारी श्रम आयुक्त को भी देने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौटियाल सहित टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



