उत्तर प्रदेशराज्य

फिरोजाबाद में तहसीलदार बोलीं- iPhone में पड़ी है डीएम की सिम, बिल मेरे पास; छुट्टी के नाम पर अधिकारियों का शोषण

फिरोजाबाद : टूंडला तहसील की तहसीलदार राखी शर्मा ने जिलाधिकारी रमेश रंजन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. तहसीलदार राखी शर्मा का आरोप है कि जिलाधिकारी रमेश रंजन, उनके ओएसडी समेत चार सहयोगियों ने भ्रष्टाचार के मामले की एक जांच रिपोर्ट को गलत ढंग से पेश करने का दबाव डाला. मैंने ऐसा नहीं किया तो मेरा उत्पीड़न शुरू कर दिया. तहसीलदार ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है.

तहसीलदार राखी शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार में साथ न देने पर जिलाधिकारी द्वरा उनका उत्पीड़न 9 महीने से किया जा रहा है. उत्पीड़न भी इस कदर कि कुछ बातें तो साझा नहीं की जा सकतीं हैं. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़ी जांच मुझे मिली थी, जिसमें जिलाधिकारी के ओएसडी और अन्य कर्मियों द्वारा फेवर में रिपोर्ट देने का दवाव डाला गया. ऐसा न करने पर बगैर स्पष्टीकरण मांगे मेरा वेतन रोक दिया गया.

राखी शर्मा ने कहा, मुझे एडवर्स एंट्री भी दी गयी. जिलाधिकारी के ओएसडी की तरफ से एक आईफोन की डिमांड की गयी. मैंने फोन दे भी दिया, जिसका प्रयोग डीएम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर रात में ट्रेज़री खुलवाने के बाद मुझे वेतन तो दिया गया, लेकिन मेरा उत्पीड़न जारी रखा गया. मेरे खिलाफ कई जांचें शुरू करा दी गयी हैं.

राखी शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद के जिलाधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए. जब तक उच्च स्तर पर जांच नहीं होगी, तब तक जिले में निष्पक्ष प्रशासन संभव नहीं है. तहसीलदार ने अपने तबादले को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने बताया कि उनका स्थानांतरण टूंडला से शिकोहाबाद कर दिया गया है, लेकिन उन्हें अभी तक आधिकारिक स्थानांतरण पत्र प्राप्त नहीं हुआ है. बावजूद, उनकी जगह दूसरे तहसीलदार को भेज दिया गया है. मामले में जिलाधिकारी रमेश रंजन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button