
इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. सुपर 8 की 7 टीमें तय हो चुकी हैं. आखिरी टीम पाकिस्तान या अमेरिका हो सकती है. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार तीन मैच जीतकर सुपर 8 में जगह बना ली है. अब उसे अपने ग्रुप स्टेज का चौथा मुकाबला नीदरलैंड के खिलाफ खेलना है, जो 18 फरवरी यानी आज नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा. यह मैच सिर्फ औपचारिकता रह गया है, इसलिए कप्तान सूर्यकुमार प्लेइंग 11 में 2 बदलाव कर सकते हैं. सुपर 8 के लिए टीम इंडिया के 2 मैच विनर को रेस्ट दिया जा सकता है, ताकि वे आगे के मुकाबलों के लिए तैयार रह सकें.
कप्तान सूर्यकुमार यादव जिन खिलाड़ियों को प्लेइंग 11 से बाहर कर सकते हैं, उनमें पहला नाम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का है, जिन्होंने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ कमाल की बॉलिंग की थी और 2 विकेट निकालकर टीम को जीत दिलाने में अहम रोल अदा किया था. उनके अलावा इस सीजन पहला ही मैच खेलने वाले कुलदीप यादव को भी प्लेइंग 11 से बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच स्पिनर्स के फेवर में कम रहती है. अगर ये दोनों ही खिलाड़ी बाहर हुए तो किसकी प्लेइंग 11 में एंट्री होगी, आइए जानते हैं.
बुमराह-कुलदीप की जगह किसकी होगी एंट्री?
अगर जसप्रीत बुमराह को रेस्ट दिया गया तो फिर अर्शदीप सिंह की वापसी हो सकती है, जो पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेले थे, क्योंकि कोलंबो की पिच पर स्पिनर्स को मदद थी, इसलिए भारत और पाकिस्तान दोनों ने 4-4 स्पिनर उतारे थे. अहमदाबाद के मैदान पर अर्शदीप घातक हो सकते हैं, क्योंकि वहां पहले 6 ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है. अगर कुलदीप यादव को बाहर किया जाता है तो मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है, जो इस बार सिर्फ एक मैच खेल पाए हैं. अमेरिका के खिलाफ उन्हें मौका मिला था और उन्होंने 3 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी.
हार्दिक बाहर हुए तो किसे मिलेगा मौका?
टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में एक और बदलाव संभव दिखता है. वह ये है कि इस मैच में मुख्य ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी रेस्ट दिया जा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो प्लेइंग 11 में वॉशिंगटन सुंदर की एंट्री हो सकती है, जो गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दे सकते हैं. स्पिनर के तौर पर वरुण चक्रवर्ती का खेलना तय माना जा रहा है, जिन्होंने इस एडिशन में कमाल की बॉलिंग की है. इस विश्व कप में सुंदर ही भारतीय स्क्वॉड के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है. इसलिए संभव है कि हार्दिक की जगह कप्तान सूर्या उन्हें आज के मुकाबले में उतारें.
IND vs NED मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती.

