
टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा को लेकर 16 जुलाई को एक खबर आई थी कि 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला तीसरा वनडे मैच हिटमैन का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है। दावा किया गया कि सिलेक्टर्स ने उनको बोल दिया है कि वे वर्ल्ड कप 2027 के रोडमैप का हिस्सा नहीं है। हालांकि, बीसीसीआई इन खबरों का खंडन किया। अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने भी इस पर चुप्पी तोड़ी है। कप्तान गिल ने कहा है कि यह सिर्फ और सिर्फ मीडिया में है। टीम में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई।
रोहित शर्मा की फॉर्म अच्छी नहीं थी। ऐसे में कहा जा रहा था कि सिलेक्टर्स उन्हें किनारे कर सकते हैं, लेकिन लॉर्ड्स में एक शानदार शतक उनके बल्ले से आया। इस तरह उन्होंने अपने आलोचकों को जवाब दिया। हालांकि, टीम इंडिया इस मैच को हार गई। 388 रनों के जवाब में भारत 27 रन पीछे रह गया। मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए और उनसे रोहित के रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछा गया। इसका जवाब गिल ने दिया और कहा कि ऐसी कोई चर्चा टीम के भीतर नहीं हुई है।
रोहित ने हमें कुछ नहीं बताया- गिल
गिल ने कहा, “उन्होंने (रोहित शर्मा) हमें कुछ नहीं बताया है। मुझे लगता है कि यह सब मीडिया में आ गया है, लेकिन टीम में इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है।” रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को आखिरी वनडे मैच में जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आखिर में क्रैंप्स की वजह से वह बड़े शॉट खेलने और रन लेने में परेशानी महसूस कर रहे थे। इसी वजह से वह 138 रन 110 गेंदों में 17 चौके और 5 छक्कों की मदद से बनाकर आउट हो गए। अगर वे फिट रहते तो निश्चित तौर पर भारत को जीत भी दिला सकते थे।
रोहित शर्मा को इस शतक से एक जीवनदान भी मिल गया है। वे अगली कुछ सीरीजों में ऐसी ही कुछ पारियां खेलकर अपने विश्व कप खेलने की संभावनाओं को पुख्ता कर सकते हैं। सितंबर में भारत की अब अगली वनडे सीरीज है, क्योंकि बांग्लादेश का दौरा अभी भी कन्फर्म नहीं है। गिल ने रोहित को लेकर यह भी कहा, “मुझे लगता है कि रोहित भाई ने जिस तरह से अपनी पारी को आगे बढ़ाया, वह शानदार था। ज्यादातर समय, मैं नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ा होकर उन्हें बैटिंग करते हुए देख रहा था। हमारी बातचीत ज़्यादातर विकेट हाथ में रखने के बारे में थी, क्योंकि इतने बड़े टोटल का पीछा करने का यही एकमात्र तरीका था।”
60-70 के बाद उन्होंने अटैक किया- गिल
गिल ने आगे बताया, “पावरप्ले के दौरान, हमने इस बारे में बात की कि हमें बॉलिंग के पीछे जाना चाहिए या नहीं, लेकिन हम जानते हैं कि नई गेंद के खिलाफ अटैक करना आसान नहीं है। जिस तरह से उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और फिर तेज़ी दिखाई, वह बहुत बढ़िया था। एक बार जब वह 60 और 70 के स्कोर पर पहुंच गए, तो उन्हें देखना सच में मजेदार था।”



