उत्तराखंडराज्य

टनकपुर से नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा पर सिख समाज ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

खटीमा। उत्तराखंड के श्रद्धालुओं, विशेषकर सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए टनकपुर से महाराष्ट्र स्थित पवित्र तख्त श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा प्रारंभ किए जाने पर सिख समाज ने लोहियाहेड हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।

श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस महत्वपूर्ण पहल से उत्तराखंड एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को गुरु की नगरी नांदेड़ साहिब की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगमता और सुविधा के साथ करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस निर्णय को आस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ा एक ऐतिहासिक कदम बताया।

मुख्यमंत्री का बयान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन और बेहतर कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि टनकपुर से श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत और सुविधा प्राप्त होगी।

सिख समाज की सराहना

इस अवसर पर सिख समाज के प्रतिनिधियों—दर्जा मंत्री रंजीत सिंह नामधारी, मनजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, हरबंजन सिंह खिंडा और जोगा सिंह रंधावा—ने मुख्यमंत्री धामी का सम्मान करते हुए आभार एवं विश्वास व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए लगातार जनहित के निर्णय लिए जा रहे हैं।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश भट्ट, भवानी भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी एवं गौरव पांडेय सहित अनेक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button