
देहरादून में संगीत प्रेमियों के लिए 10 मई का दिन बेहद खास होने जा रहा है। बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक कुमार सानू को शहर में आयोजित एक भव्य संगीत समारोह में “श्रृंखला श्री उत्तराखंड रत्न” सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से ग्राफिक एरा सिल्वर जुबली सम्मेलन हॉल में आयोजित होगा।
“एक शाम सुरों के नाम” कार्यक्रम में गूंजेंगे सदाबहार गीत
श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप की ओर से आयोजित “एक शाम सुरों के नाम” कार्यक्रम में कुमार सानू के सुपरहिट गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। संगीत प्रेमियों को इस विशेष आयोजन में पुराने दौर के लोकप्रिय गीतों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के प्रसिद्ध संगीतकार रमेश मिश्रा और उनकी टीम “सरगम स्टार ग्रुप” द्वारा लाइव ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति भी दी जाएगी। देशभर से आए कलाकार कुमार सानू के चर्चित गीत गाकर उन्हें संगीतमय सम्मान अर्पित करेंगे।
संगीत और साहित्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करती रही है संस्था
संस्था के अध्यक्ष पीयूष निगम ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप लंबे समय से संगीत, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करता आ रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्था इससे पहले प्रसिद्ध गीतकार समीर अंजान, गीतकार संतोष आनंद, लोकगायिका बसंती बिष्ट और लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित कर चुकी है।
पांच बार लगातार जीता फिल्मफेयर पुरस्कार
कुमार सानू हिंदी फिल्म संगीत जगत के सबसे लोकप्रिय गायकों में गिने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 1991 से 1995 तक लगातार पांच बार फिल्मफेयर पुरस्कार जीतकर रिकॉर्ड बनाया। संगीत जगत में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2009 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी सम्मानित किया।
उनके गाए गीत “तुझे देखा तो ये जाना सनम”, “जब कोई बात बिगड़ जाए”, “दिल है कि मानता नहीं” और “सांसों की जरूरत है जैसे” आज भी संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना
कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश सिंह पोखरियाल निशंक भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रेखा खान और डॉ. इंद्रजीत सिंह को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मनिषा आले, अमित रावत, संजीव वर्मा, आशीष ठाकुर और संदीप अग्रवाल समेत संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।



