उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में भाजपा चलाएगी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, एक माह में छह लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य

देहरादून। उत्तराखंड में हरेला पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 16 जुलाई से 15 अगस्त तक राज्यभर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत प्रदेश के 11,729 बूथों पर प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 पौधे लगाए जाएंगे। पार्टी ने एक माह के भीतर छह लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जनप्रतिनिधि निभाएंगे सक्रिय भूमिका

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे। अभियान के तहत प्रत्येक सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में कम से कम 10 वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगा, जबकि विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि न्यूनतम 15 पौधारोपण कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

अभियान संचालन के लिए गठित हुईं समितियां

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट को अभियान का संयोजक बनाया गया है, जबकि रुचि भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी और विपुल मेंदोली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पौधों के संरक्षण पर रहेगा विशेष जोर

भाजपा ने अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को पौधारोपण से पहले स्थान का चयन, गड्ढों की तैयारी और पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी, ताकि पौधे सुरक्षित रहकर विकसित हो सकें और अभियान का उद्देश्य सफल हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button