उत्तराखंडराज्य

चारधाम यात्रा 2026: गढ़वाल मण्डल आयुक्त ने की अहम बैठक

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा 2026 के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन को लेकर गढ़वाल मण्डल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सोमवार को ट्रांजिट कैम्प ऋषिकेश में होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन और डंडी-कंडी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। गढ़वाल पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप भी बैठक में उपस्थित रहे।

यात्रा के संभावित चुनौतियों और समाधान

बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान संभावित चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अतिथि देवो भवः” संकल्प के अनुरूप यात्रा की तैयारियां व्यापक स्तर पर चल रही हैं। यात्रा की महत्वपूर्ण तिथियां भी घोषित की जा चुकी हैं—अक्षय तृतीया पर 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलेंगे, 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल 2026 को बद्रीनाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

पंजीकरण और यात्री प्रबंधन

आयुक्त ने कहा कि यात्रा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। व्यवहारिक समस्याओं के समाधान के लिए अपर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, और उनकी संस्तुतियों के आधार पर एक-दो दिन में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास होगा।

होटल एसोसिएशन की मांग पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष यात्रियों की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी, लेकिन प्रत्येक यात्री के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा। फर्जी पंजीकरण रोकने के लिए न्यूनतम शुल्क तय किया जाएगा और प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुगम बनाई जाएगी।

स्थानीय वाहनों और डंडी-कंडी प्रबंधन

टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन के सुझाव पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि यात्रा में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारी ढोने पर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिन होटलों में यात्री ठहरेंगे, वहां पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, डंडी-कंडी संचालकों के पंजीकरण, सत्यापन और शुल्क निर्धारण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षित और सहज यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता

आयुक्त ने सभी स्टेकहोल्डर्स को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों को अमल में लाकर श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में उपस्थित अधिकारी और प्रतिनिधि

बैठक में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, अपर आयुक्त प्रशासन उत्तम सिंह चौहान, सभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, उप निदेशक पर्यटन अमित लोहनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और होटल, ट्रेवल्स व डंडी-कंडी संचालकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button