उत्तराखंड

रूद्रपुर: जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के लिए ओवरलोडिंग व भारी वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सड़क सुरक्षा व सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाकर ओवरलोडिंग व भारीवाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, एआरटीओ सड़क महकमे के अधिकारी भारीवाहनों, खनन वाहनों हेतु दो दिन में रूट निर्धारित कर संचालित कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी श्री भदौरिया ने कहा कि प्रातः स्कूल जाने के टाईम तथा छुट्टी होने के टाईम शहरों, कस्बों में भारी वाहन अथवा खनन वाहनो संचालन पूर्ण प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने भारी व खनन वाहनो के संचालन हेतु वैकल्पिक रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जो वाहन निर्धारित समय व रूट के इतर चलते पाए जाते हैं उन्हें सीज करने के निर्देश भी दिए। उन्होने कहा कि स्टोन क्रेसरो से ओवर लोड खनिज वाहन निकलने पर सम्बन्धित क्रेसर संचालक की जिम्मेदारी तय की जायेगी। इसलिए सभी क्रेसर संचालक निर्धारित खनिज भार पर ही खनन वाहनों की निकासी कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी श्री भदौरिया ने खनन क्षेत्रों से भी ओवरलोड वाहनों पर कड़ी कार्यवाही करते हुए प्रतिबन्ध लगाने के निर्देश दिये। उन्होने खनिज लाने वाले वाहनो को ढक कर लाने के निर्देश दिये ताकि सड़कों में रेता, बजरी न गिरने पाये।

जिलाधिकारी ने मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों की सख्ती से जांच किए जाने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने मंगलवार से ही ओवरलोडिंग व ओवर स्पीड के विरूद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होने भारी वाहनों का रूट निर्धारित करते हुए शहर, कस्बों व हाईवे से मिलने वाले सड़को को चिन्हित करते हुए वैरियर लगाने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिये।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ब्लैक स्पॉट व एक्सिडेंटन जोन भी चिन्हित किये जाये। उन्होने कहा कि सड़कों में निराश्रित पशुओं के कारण भी दुर्घटनाएं होती है, इसलिए निराश्रित पशुओं को निकाय अधिकारी सेल्टर में भेजने के निर्देश भी दिये।

बैठक में पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी डॉ0 अमृता शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोनिवि अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार आदि मौजूद थे व सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधिक्षक, अधिशासी अभियंता लोनिवि व थाना प्रभारी वर्चुल माध्यम से जुड़े थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button