
देहरादून। बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के नवनियुक्त उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने शनिवार को समिति कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाने का संकल्प लिया।
जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर फोकस
कार्यभार संभालने के बाद रामपाल सिंह ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचें, इसके लिए नियमित और सुदृढ़ समीक्षा व्यवस्था आवश्यक है।
योजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्राप्त की जाए और समीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
रामपाल सिंह ने कहा कि योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि विकास कार्यों का लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंच सके।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर ज्योति प्रसाद गैरोला, विकास शर्मा, निदेशक सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक टी.एस. अन्ना सहित समिति और विभाग के कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



