
ऊधम सिंह नगर: काशीपुर क्षेत्रांतर्गत महुआखेड़ागंज में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई संदिग्ध मौत के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
मामला: तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से असमय मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन (पुत्र स्व. फरियाद हुसैन, निवासी महुआखेड़ागंज) की तहरीर पर 11 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 61(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस कार्रवाई: मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले के शीघ्र अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए थे। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
12 सितंबर को विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के समीप घेराबंदी कर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी साजिद की तलाशी लेने पर उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अग्रिम कार्रवाई की गई।
पूछताछ में खुलासा: छीनाझपटी में चली गोली, फिर मिटाए साक्ष्य
सघन पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी साजिद ने स्वीकार किया कि उसने लगभग छह माह पूर्व महुआखेड़ा निवासी जमील से 12 बोर का तमंचा खरीदा था। घटना के दिन उसकी छोटी बेटी और मेहविश के बीच किसी बात को लेकर तमंचे की छीनाझपटी हो गई, जिसमें अचानक गोली चल गई और मेहविश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर फैले खून के निशानों को पोंछकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद अपराध का स्थल बदलने की नीयत से शव को अपने घर से उठाकर मृतका के घर पहुंचा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार होने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पकड़े गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
-
साजिद (उम्र 50 वर्ष), पुत्र जुम्मा
-
सबीना (उम्र 18 वर्ष), पुत्री साजिद
-
फिजा (उम्र 20 वर्ष), पुत्री साजिद
(सभी निवासी: ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, ऊधम सिंह नगर)
पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय, पैगा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह धामी, अ0उ0नि0 दीपक चौहान, कांस्टेबल हरीश नेगी, जगदीश दुगताल, धर्मेंद्र भारती एवं महिला कांस्टेबल राधा गोस्वामी शामिल रहे।



