
रूद्रपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वेयर हाउस में सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करना था।
सुरक्षा उपकरण और सीसीटीवी की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा दृष्टि से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन यंत्रों का जायजा लिया। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि वेयर हाउस की सुरक्षा चाक-चौबंद रखी जाए और सीसीटीवी कैमरों के स्टोरेज बैकअप की नियमित निगरानी की जाए। इसके साथ ही वेयर हाउस की साफ-सफाई भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी के साथ जिला मंत्री भाजपा गजेन्द्र प्रजापति, कांग्रेस के मनोज कुमार सिंह, आप पार्टी से किरन पाण्डे विश्वास सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। सभी ने वेयर हाउस में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।



