उत्तराखंडराज्य

पुष्कर सिंह धामी ने मां नन्दा राजजात यात्रा सहित विकास योजनाओं को दी करोड़ों की स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में धार्मिक आस्था, ग्रामीण उन्नयन और शहरी आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्णयों से प्रदेश में अवसंरचना विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मां नन्दा राजजात यात्रा-2026 की तैयारियों को मजबूती

जनपद चमोली में प्रस्तावित मां नन्दा राजजात यात्रा-2026 को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल ₹3.08 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।

विकासखण्ड थराली के शहीद भवानी दत्त इंटर कॉलेज, चैपड्यों में 8 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाले पार्किंग स्थल और विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹71.67 लाख की स्वीकृति दी गई है। कर्णप्रयाग विकासखण्ड के नौटी क्षेत्र में 37 चौपहिया और 48 दुपहिया वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग के लिए ₹42.39 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

देवाल विकासखण्ड के जनता इंटर कॉलेज, सरकोट में 63 चौपहिया और 9 दुपहिया वाहनों की पार्किंग, दो कक्षों के विश्राम गृह और शौचालय निर्माण हेतु ₹1.14 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं नारायणबगड़ विकासखण्ड के भगोती क्षेत्र में 94 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग के निर्माण के लिए ₹79.56 लाख की धनराशि अनुमोदित की गई है।

पंचायतीराज संस्थाओं को मिली बड़ी वित्तीय सहायता

राज्य की त्रिस्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 16वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त के रूप में प्राप्त ₹89.41 करोड़ की धनराशि अंतरित करने की मंजूरी दी है।

इसमें जिला पंचायतों को ₹13.74 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को ₹9.16 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों को ₹66.51 करोड़ प्रदान किए जाएंगे। इस निर्णय से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

विभिन्न जनपदों में आधारभूत ढांचे को मिलेगी मजबूती

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के लिए ₹34.34 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति दी गई है। विधानसभा क्षेत्र थराली के देवाल बाजार में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण हेतु प्रथम चरण में ₹11.31 लाख तथा टिहरी गढ़वाल के घनसाली में बस स्टॉप निर्माण के लिए ₹94.05 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

पौड़ी गढ़वाल जनपद के यमेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग के द्वितीय चरण के निर्माण के लिए ₹3.36 करोड़ की धनराशि प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्रीय आवागमन और कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

आयुष, आवास और शिक्षा क्षेत्र को भी मिली स्वीकृति

आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से ₹27 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उम्मेदपुर, रामनगर आवासीय परियोजना में पेयजल व्यवस्था के लिए ₹2.43 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

नगरपालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में नर्सरी स्कूल, माल रोड की मरम्मत हेतु ₹3.44 लाख तथा ऐशडेल स्कूल की मरम्मत के लिए ₹45 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे शिक्षा संस्थानों की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।

टनकपुर स्टेडियम का नामकरण

मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के टनकपुर में निर्मित स्टेडियम का नाम स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी के नाम पर रखे जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक आस्था के संरक्षण, स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति और आधारभूत संरचना के व्यापक विकास के माध्यम से प्रदेश के संतुलित और समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button