
हल्द्वानी में हिमालय डिजिटल मीडिया संगठन के बैनर तले पत्रकारों ने खटीमा के वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा पर दर्ज मुकदमे के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
जनसमस्या को उजागर करने पर दर्ज हुआ मुकदमा
ज्ञापन में पत्रकारों ने बताया कि दीपक फुलेरा ने खटीमा क्षेत्र में गैस किल्लत से जुड़ी गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया था। यह खबर आम जनता की परेशानी को सामने लाने और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रकाशित की गई थी, जो पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के अनुरूप है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बताया हमला
पत्रकारों ने इस मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनहित में कार्य करने वाले पत्रकार पर मुकदमा दर्ज करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है। उनका कहना था कि इस प्रकार की कार्रवाई स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए खतरा पैदा करती है।
मुकदमा वापस लेने की मांग
प्रदर्शन के दौरान सभी पत्रकारों ने एक स्वर में इस कार्रवाई का विरोध करते हुए संबंधित मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को उजागर करना कोई अपराध नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान गिरीश गोस्वामी, शैलेंद्र नेगी, अंकित शाह, हर्ष रावत, दिनेश पांडे, संजय कुमार, गितेश त्रिपाठी, संजय पाठक, दीप बिष्ट बाबा, श्रुति तिवारी, विनोद यादव सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर एकजुटता के साथ विरोध दर्ज कराया।



