उत्तराखंडराज्य

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज

देहरादून में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे को लेकर शासन और प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्य सचिव आनंद वर्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ और चाक-चौबंद होनी चाहिए। इसके साथ ही शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए एक ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एक्सप्रेसवे से विकास को मिलेगी गति

मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से राजधानी दिल्ली और देहरादून के बीच दूरी और यात्रा समय दोनों में कमी आएगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

बांट काली मंदिर में की पूजा-अर्चना

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बांट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल और नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button