
रुद्रपुर में नीट-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 3 मई, रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जिला सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों और समन्वयकों की बैठक लेकर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं।
इन केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
जनपद में जिन 6 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, उनमें प्रमुख रूप से प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर (नया व पुराना भवन), पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएन झा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर तथा पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय रुद्रपुर शामिल हैं।
सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा और खोला जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि वे सही तरीके से कार्य कर रहे हों। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल गैजेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही परीक्षार्थियों को जूते पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मूलभूत सुविधाओं का रखा जाएगा ध्यान
परीक्षा के दौरान बिजली, पानी, एंबुलेंस सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
अधिकारियों की उपस्थिति में हुई बैठक
इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



