
रुद्रपुर। 15 अगस्त को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने मामले में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया है।
पुलिस के अनुसार जुलूस के दौरान कुछ युवक तलवार, गंडासा, खुकरी, तमंचे और अन्य हथियारों के साथ खुलेआम प्रदर्शन करते नजर आए। आरोप है कि इससे आमजन में भय का माहौल बना, यातायात बाधित हुआ और सार्वजनिक शांति प्रभावित हुई।
वीडियो फुटेज के आधार पर शुरू हुई आरोपियों की पहचान
घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मौके से संबंधित वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। फुटेज में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
मामले में थाना कोतवाली रुद्रपुर में धारा 189(2), 189(4), 190, 191(3), 126 एवं 351 बीएनएस के तहत रामू बागी, राज चौहान, देव, संदीप चौहान, सूरज पांडे, वंश यादव, उदय, शिवनगर निवासी अन्य लोगों, प्रदीप उर्फ चीड़ी, सुमित बंगाली, मुराद, करन, गोविन्दा समेत करीब 30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार तीन व्यक्तियों के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई है।
मोदी मैदान से तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त 2026 को थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया गया।
इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 17 अगस्त की रात ब्लॉक रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करन साहनी और गोविन्दा गुप्ता को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध दाब/गंडासा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं।
पांच दोपहिया वाहन और एक डीजे वाहन सीज
पुलिस के अनुसार आरोपियों से संबंधित पांच दोपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।
इसके अलावा 15 अगस्त की घटना से संबंधित एक डीजे वाहन को भी पुलिस ने सीज किया है।
पुलिस की कार्रवाई की सूची में ये नाम
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कार्रवाई से जुड़े लोगों में:
- करन साहनी, पुत्र मधु साहनी, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 32, भूरारानी, रुद्रपुर।
- गोविन्दा गुप्ता, पुत्र श्याम गुप्ता, उम्र 19 वर्ष, निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर, हाल पालम ग्रीन, रुद्रपुर।
- राजीव, पुत्र कैलाश साहनी, उम्र 20 वर्ष, निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर।
- हर्ष उर्फ भोला, पुत्र गाया साहनी, उम्र 18 वर्ष, निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर।
- अभिषेक उर्फ कालू, पुत्र हरीश चन्द, उम्र 21 वर्ष, निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर।
- मोहम्द हसन, पुत्र नवाब अली, निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर।
- सक्षम राजपुर, पुत्र मुकेश, निवासी रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर।
- अभय विश्वकर्मा, पुत्र राजेन्द्र, निवासी श्याम टाकीज, ट्रांजिट कैंप, ऊधम सिंह नगर।
वीडियो फुटेज से होगी अन्य आरोपियों की पहचान
पुलिस 15 अगस्त की घटना से संबंधित वीडियो फुटेज का लगातार विश्लेषण कर रही है। फुटेज में दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जुलूस में हथियार लेकर शामिल होने, हथियार लहराने, आमजन में भय पैदा करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर भूमिका तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


