उत्तराखंडराज्य

PM मोदी का भूटान दौरा: ऊर्जा साझेदारी, द्विपक्षीय वार्ता और सांस्कृतिक जुड़ाव पर जोर

नई दिल्ली/थिम्पू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय भूटान दौरे पर राजधानी थिम्पू पहुंचे। एयरपोर्ट पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने उनका पारंपरिक और गर्मजोशी भरा स्वागत किया।

भूटान के चौथे राजा के जन्मदिन समारोह में होंगे शामिल

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर चर्चा की उम्मीद है।

दिल्ली ब्लास्ट पर पीएम मोदी का बयान

भूटान पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में हुए हालिया विस्फोट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि वे रातभर जांच एजेंसियों के संपर्क में थे और दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है।

पुनात्सांगछू-II जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान पुनात्सांगछू-II जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना भारत-भूटान की ऊर्जा साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और भूटान के रिश्ते विश्वास, समझ और सद्भावना पर आधारित हैं। यह यात्रा दोनों देशों की मित्रता और साझा प्रगति को नई ऊर्जा देगी।

वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव और सांस्कृतिक जुड़ाव

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह दौरा भूटान के चतुर्थ नरेश के जन्मदिन समारोह और वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव के अवसर पर हो रहा है। इस महोत्सव में भारत से भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button