राष्ट्रिय

मथुरा नाव हादसे पर पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना

मथुरा : वृंदावन में हुए नाव हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग यमुना नदी में जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्थानीय लोग नावों के सहारे इन लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार को हुए इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया और मृतकों के प्रति अपने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

डीएम ने क्या बताया?

मथुरा के डीएम सीपी सिंह ने घटना के बारे बताया-“लुधियाना से लगभग 132 लोग यहां ‘दर्शन’ के लिए आए थे. मैं उन लोगों की लिस्ट का मिलान कर रहा हूं। उस लिस्ट में से दो या तीन लोग नहीं मिले हैं। दुर्भाग्य से 10 लोगों की मौत हो गई है। जो लोग बच गए हैं, वे खतरे से बाहर हैं। जिन लोगों की मौत हुई है, उनके पार्थिव शरीर सरकारी खर्च पर उनके घरों तक पहुंचाए जाएंगे।”

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण नौका बीच नदी में तेजी से डगमगाने लगी और एक पुल से टकराकर वह पलट गई। यह दुर्घटना केसी घाट के पास तब हुई, जब नौका गहरे पानी में जाने के बाद एक तैरते हुए पोंटून (पीपा पुल का एक हिस्सा) से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पानी का स्तर बढ़ने के कारण पीपा पुल को हाल ही में हटा दिया गया था, जिससे नदी में कुछ पोंटून खुले रह गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हीं में से एक पोंटून से टकराने के कारण नौका पलटी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुखद हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट की। घटना की सूचना मिलते ही सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button