
देहरादून: पिटकुल (PITCUL) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने मध्य रात्रि में प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र (SLDC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 400 केवी काशीपुर-नहटौर लाइन पर बार-बार हो रही ट्रिपिंग की समस्या का तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी मांगी।
गलत पूर्वानुमान पर कंपनी को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने पाया कि विद्युत मांग के पूर्वानुमान (Power Demand Forecasting) के लिए अनुबंधित ‘मार्काडोस’ कंपनी की प्रक्रिया और वास्तविक स्थिति में काफी बड़ा अंतर है। इस लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कंपनी को अपनी पूर्वानुमान प्रणाली में तुरंत सुधार करने की सख्त चेतावनी दी।
अनुबंध निरस्त करने और ‘ब्लैकलिस्ट’ करने की चेतावनी
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्काडोस कंपनी के खिलाफ तुरंत कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया जाए। नोटिस में कंपनी से यह स्पष्टीकरण मांगा गया है कि:
-
अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्य न करने पर क्यों न उनका ठेका निरस्त कर दिया जाए?
-
कंपनी को काली सूची (Blacklist) में डालने की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए?
अधिकारियों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के अंत में प्रबंध निदेशक ने सभी तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।



