उत्तराखंडराज्य

पीपलकोटी टनल हादसा: मुख्यमंत्री धामी ने रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के दिए निर्देश

चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का हो प्रभावी इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का बेहतर तरीके से उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे कर्मियों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि बचाव अभियान सुरक्षित तरीके से जारी रखा जा सके।

टनल की तकनीकी स्थिति और मलबा हटाने के कार्य की निगरानी

मुख्यमंत्री ने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को पूरी सावधानी के साथ सुरक्षित और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाए।

मृतकों के परिजनों को जल्द मिले मुआवजा और सहायता

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग देने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button