अंतर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान का अफगानिस्तान बॉर्डर पर हवाई हमला, 29 लोगों की मौत

पाकिस्तान ने रविवार देर रात अफगानिस्तान से लगी सीमा पर हमले किए जिसमें 29 लोग मारे गए हैं. डॉन न्यूज के मुताबिक-  पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार  ने बताया कि पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर खुफिया जानकारी पर आधारित और सुनियोजित ढंग से हमले किए हैं. मंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई हाल ही में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची स्थित पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) कैंप के निर्दोष लोगों के खिलाफ हुई कई आतंकवादी घटनाओं के मद्देनजर की गई है.

उन्होंने कहा कि इस हमले में अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में जमीनी कार्रवाई भी शामिल थी और इसका निशाना ‘जमात-उल-अहरार’ था, जो पाकिस्तान सरकार के अनुसार चरमपंथी गुट है और अक्सर ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) से जुड़ा माना जाता है.

सिंध पुलिस प्रमुख ने डॉन को बताया कि शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय पर हुए हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई थी और साथ ही इस घटना में 3 आतंकी भी ढेर हुए थे. सिंध के इंस्पेक्टर जनरल जावेद आलम ओधो ने कहा कि आतंकवादियों ने अपनी गाड़ी से मेन गेट को टक्कर मारी थी.

पाकिस्तान-अफगानिस्तान की झड़प

बता दें कि पाकिस्तान ने हाल के महीनों में अफगानिस्तान पर कई हवाई हमले किए हैं; इनमें से आखिरी हमला इसी महीने की शुरुआत में हुआ था. इस्लामाबाद में बैठी सरकार का आरोप है कि तालिबान सरकार उन चरमपंथियों को पनाह दे रही है जो हमलों में तेजी के लिए जिम्मेदार हैं, खासकर TTP, जिसने सालों से पाकिस्तान के खिलाफ हिंसक अभियान चला रखा है.

वहीं काबुल में बैठी तालिबान सरकार ने बार-बार इस बात से इनकार किया है कि अफगान जमीन का इस्तेमाल चरमपंथियों को पनाह देने के लिए किया जाता है और उसका कहना है कि पाकिस्तान के पिछले हवाई हमलों में आम नागरिक मारे गए हैं. पिछले साल अक्टूबर में हिंसा बढ़ने के बाद से दोनों पड़ोसी देशों के बीच बॉर्डर ज्यादातर बंद रहे हैं, जिससे आपसी व्यापार ठप हो गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button